Read in App


• Fri, 21 May 2021 5:46 pm IST


चार माह बाद कांग्रेस को मिला जिलाध्यक्ष, कठायत को मिला जिम्मा


चंपावत-चार महीने बाद कांग्रेस की चंपावत जिलाध्यक्ष की कुर्सी भर गई है। ये पद उत्तम देऊ के निधन के बाद से इस साल 24 जनवरी से खाली था। कांग्रेस के जिला महामंत्री रहे पूरन सिंह कठायत को नया जिलाध्यक्ष नामित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बुधवार को इस आशय का पत्र जारी किया है। यह मनोनयन 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ये पहला मौका है, जब चंपावत ब्लॉक के पर्वतीय हिस्से से अध्यक्ष नामित हुआ है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूरन सिंह कठायत को पार्टी ने जिले की कमान दी है। इससे पूर्व वे 2002 से दस साल तक पार्टी के जिला महामंत्री रह चुके हैं। ग्रामीण सियासत में खासी पकड़ रखने वाले कठायत दो बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुके हैं। इसके अलावा एक बार वे जिला नियोजन समिति के सदस्य भी रहे हैं। अध्यक्ष नामित होने के बाद कठायत ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए संगठन को गांव-गांव तक ताकत दी जाएगी। साथ ही कोविड की जंग में भी कार्यकर्ता पूरी मुस्तैदी से लोगों की मदद को आगे आएंगे।