Read in App


• Fri, 28 May 2021 12:48 pm IST


धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने मुरादाबाद से पकड़ा


चमोली-लोहाजंग के ग्रामीणों से धोखाधड़ी करने के आरोप में थराली पुलिस ने एक आरोपी को मुरादाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी करीब 6 महीने से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं और उनको भी पकड़ने के प्रयास जारी हैं। थराली के थानाध्यक्ष डीएस पंवार ने बताया कि वर्ष 2018 में आरोपी दुष्यंत कुमार और उसके साथियों ने एक कंपनी के माध्यम से लोगों को अधिक ब्याज और 5 साल में धन दोगुना करने का लालच देकर पैसे जमा कराए। 12 लाख रुपये जमा करने के बाद आरोपी पैसे लेकर फरार हो गए। जब ग्राहकों ने इनसे संपर्क किया तो ये उनको टालते रहे और बाद में संपर्क बंद कर दिया। ग्रामीणों ने दिसंबर 2020 में थाना थराली में कंपनी और उनके कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तफ्तीश के दौरान आरोपी मुरादाबाद के निकले। थाना पुलिस थराली ने मामले में फरार चल रहे आरोपी दुष्यंत कुमार निवासी अब्बाबकरपुर थाना मझोला (मुरादाबाद) को मझोला जाकर गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को 14 दिन के लिए पुरसाड़ी जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने कहा कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में उप निरीक्षक जसपाल गुसाईं, कांस्टेबल नितिन बिष्ट ओर देश दीपक बाली शामिल थे।