Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 7 Aug 2023 12:30 pm IST

नेशनल

चंद्रयान-3 ने भेजी चंद्रमा की पहली तस्वीर, 23 अगस्‍त को है लैंडिंग


नई दिल्‍ली: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने रविवार को रात लगभग 11 बजे चंद्रयान-3 की ऑर्बिट घटाई। यानी अब ये चंद्रमा के 170 किमीx 4313 किमी की ऑर्बिट में है। यानी चंद्रयान ऐसी अंडाकार कक्षा में घूम रहा है, जिसमें उसकी चांद से सबसे कम दूरी 170 Km और सबसे ज्यादा दूरी 4313 Km है। बता दें कि 23 अगस्त को लैंडिंग से पहले चंद्रयान को कुल चार बार अपनी ऑर्बिट कम करनी है। वो रविवार को एक बार ऑर्बिट कम कर चुका है।

इस ऑर्बिट को बदलने के लिए चंद्रयान के इंजन कुछ देर के लिए फायर किए गए। ISRO ने बताया कि अब कक्षा को और कम करने का अगला ऑपरेशन नौ अगस्त को 13:00 से 14:00 बजे के बीच किया जाएगा। इससे पहले चंद्रयान 164 Km x 18,074 Km की ऑर्बिट में घूम रहा था।


पांच अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा था चंद्रयान

22 दिन के सफर के बाद चंद्रयान पांच अगस्त को शाम लगभग 7:15 बजे चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा था। चंद्रयान के कैमरों ने चांद की तस्वीरें भी कैप्चर की थीं। ISRO ने अपनी वेबसाइट पर इसका एक वीडियो बनाकर शेयर किया है। इन तस्वीरों में चंद्रमा के क्रेटर्स साफ-साफ दिख रहे हैं। यान चंद्रमा की ग्रैविटी में कैप्चर हो सके, इसके लिए उसकी स्पीड कम की गई। स्पीड कम करने के लिए ISRO वैज्ञानिकों ने यान के फेस को पलटकर थ्रस्टर 1835 सेकेंड यानी लगभग आधे घंटे के लिए फायर किए। ये फायरिंग शाम 7:12 बजे शुरू की गई थी।