Read in App


• Thu, 9 Nov 2023 3:59 pm IST


ज्ञानसू क्षेत्र में एक पखवाड़े से गहराया है पेयजल संकट


उत्तरकाशी। ज्ञानसू क्षेत्र में गत एक पखवाड़े से पेयजल संकट बना हुआ है। स्थिति यह है कि पेयजल आपूर्ति चरमराने से लोग हैंडपंप से पीने का पानी ढोने को मजबूर हैं। इधर, जनप्रतिनिधियों ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए क्षेत्र में नई पंपिंग योजना मंजूर करने की मांग की है।जिला मुख्यालय के ज्ञानसू आनंदनगर, विजय नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। गर्मियों के साथ अब सर्दियों में भी पेयजल आपूर्ति चरमराने से पानी का संकट बना है। पिछले एक पखवाड़े से कई घरों में सुचारू पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है जिससे लोगों को हैंडपंप से पीने का पानी ढोना पड़ रहा है।क्षेत्र के दिनेश भट्ट, जयदेव नौटियाल, शक्ति सिंह कैंतुरा, सचिन रावत, मीना देवी का कहना है कि विभाग क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में सुधार की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। विभाग भारी भरकम बिल समय पर भेजता है लेकिन समस्या को लेकर विभागीय अधिकारी व कर्मचारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने शीघ्र पेयजल आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर, जल संस्थान के ईई एलसी रमोला का कहना है कि पुराना पंपिंग स्टेशन की मोेटर खराब हो गई थी इसलिए दिक्कत आई थी। मोटर ठीक कर दी गई है आज से नियमित पेयजल आपूर्ति होगी।