Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 30 Sep 2022 11:30 am IST


गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही शुरू, यमुनोत्री हाईवे अब भी बंद


उत्तरकाशी : धरासू बैंड के पास भारी भूस्खलन से बंद गंगोत्री हाईवे पर बृहस्पतिवार को आवाजाही शुरू हो गई जबकि यमुनोत्री हाईवे अब भी बंद है। हाईवे से मलबा हटाने का काम जारी है।  बीते बुधवार शाम करीब छह बजे धरासू बैंड के पास यमुनोत्री हाईवे पर अचानक भूस्खलन शुरू हुआ।इससे हाईवे के नीचे से गुजर रहा गंगोत्री मार्ग भी मलबा गिरने से बंद हो गया। बृहस्पतिवार सुबह बीआरओ ने गंगोत्री हाईवे पर मलबा हटाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आवाजाही सुचारू हो पाई। वहीं यमुनोत्री हाईवे अब भी बंद है। हाईवे खोलने के लिए सुरक्षा की दृष्टि से गंगोत्री हाईवे पर आवागमन को कुछ समय बंद रखा जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि यमुनोत्री हाईवे पर भी जल्द आवाजाही सुचारु की जाएगी। मोरी विकासखंड के सौड़-तालुका-ओसला निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर चट्टान से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। बुजुर्ग को हायर सेंटर रेफर किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क कटिंग के लिए विस्फोटकों का प्रयोग किया जा रहा है जिससे चट्टानों पर फंसे पत्थर लगातार गिर रहे हैं।