Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 28 May 2022 5:55 pm IST


गैंगस्टरों की अवैध सम्पत्ति होगी जब्त: डीजीपी


शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा और उनके निराकरण के लिए शुक्रवार को रुद्रपुर सिटी क्लब में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में डीजीपी अशोक कुमार सीधे जनता से रूबरू हुए। शहरवासियों, उद्योगपतियों और विद्यार्थियों ने उन्हें अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम और नशाखोरी की समस्याओं से अवगत कराया। डीजीपी ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों पर गैंगस्टर लगाया जाएगा। गैंगस्टरों की अवैध संपत्ति भी जब्त की जाएगी।रुद्रपुर सिटी क्लब में सुबह करीब 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान डीजीपी अशोक कुमार के समक्ष लोगों ने शहर की समस्याओं को रखा। सिडकुल के उद्यमियों ने ट्रैफिक जाम व वाहन पार्किंग को प्रमुख समस्या बताते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण फैक्टरियों से कर्मचारियों की छुट्टी के समय जाम की समस्या रहती है। उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से सिडकुल पुलिस चौकी को थाने में उच्चीकृत करने व अटरिया मार्ग पर पुलिस ड्यूटी लगाने की मांग की। स्कूली बच्चों को भी स्कूलों की छुट्टी के समय जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। उन्होंने फुटपाथों से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। व्यापारियों व समाजसेवियों ने स्कूलों की छुट्टी के समय शहर में सीपीयू की ड्यूटी लगवाने की मांग की।