Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 23 Jul 2023 9:30 am IST


सीमा हैदर ही नहीं ‘उत्तराखंड’ में भी बेवतन ‘पाकिस्तानी’, भारत में जन्म के बाद भी नागरिकता नहीं



पाकिस्तान से चोरी छुपे भारत आई पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर की कहानी ने दो तल्ख रिश्ते वाले देशों के नागरिकों की मुश्किलों को भी उजागर किया है। सीमा ही नहीं सरहद के इस पार ऐसे और भी सैकड़ों पाकिस्तानी रह रहे हैं। वो पाकिस्तान तो हमेशा के लिए छोड़ चुके हैं, लेकिन भारतीय नागरिकता भी नहीं मिल पाई है। इस कारण उनके भारत में जन्में बच्चे 'बेवतन', नागरिक के तौर पर दिन काट रहे हैं।दून के वसंत विहार निवासी जसपाल का 13 लोगों का परिवार 2008 में पाकिस्तान से भारत आया था। जसपाल बताते हैं कि पाकिस्तान में दुकान पर ही उनके पिता ओर चाचा की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद उन्होंने स्थायी तौर पर भारत में बसने का निर्णय लिया। लेकिन तब से आवेदन के बावूद अभी नागरिकता नहीं मिल पाई है।
वो बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर उन्हें पुलिस- प्रशासन का सहयोग मिलता है, पाकिस्तान की हर वक्त की अनिश्चितता के मुकाबले यहां ऐसा कोई संकट नहीं है। लेकिन वैध आईडी न होने से कई नागरिक सेवाएं नहीं मिल पाती हैं। देहरादून कैंट की विधायक सविता कपूर ने उत्तराखंड गृह विभाग को ऐसे 73 लोगों की सूची सौंपी है, जिनकी नागरिकता का प्रकरण लंबे समय से भारत सरकार के सामने विचाराधीन है।