Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 28 Aug 2021 8:00 am IST


मसूरी के भितरली गांव के पास फटा बादल, दो गोशालाएं बहीं


मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भितरली गांव के पास मजरा कडरियाना में शुक्रवार सुबह बादल फटा। दो गोशालाएं बह गईं, आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें बंद हो गईं। मसूरी-दून मार्ग गलोगी धार के पास करीब 14 घंटे तक बंद रहा। खेतों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय निवासी अन्नु पुडींर के अनुसार बादल फटने से एक दर्जन से अधिक धान के खेत तबाह हो गए खेतों ने नालों का रूप ले लिया। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं, बृहस्पतिवार देर रात मसूरी-दून मार्ग बंद होने से पर्यटक परेशान रहे। कई लोग रात भर कोल्हूखेत और कुठाल गेट के आसपास के होटलों में रहने को मजबूर रहे। सड़क के दोनों ओर करीब 5 किमी लंबा जाम लग गया। कोल्हूखेत के पास भी बोल्डर आने से सड़क बंद रही।