Read in App


• Fri, 23 Apr 2021 4:48 pm IST


बेमौसम बर्फबारी और ओलावृष्टि से सेब की फसल तबाह


उत्तरकाशी-बेमौसम बर्फबारी और ओलावृष्टि के कहर से उपला टकनौर क्षेत्र में सेब की फसल बर्बाद हो गई है। उपला टकनौर के अलावा यमुना घाटी व मोरी बंगाण क्षेत्र में भी ओलावृष्टि से सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। सेब पर टिकी आजीविका चौपट होने से किसान मायूस हैं। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र क्षति का आकलन कर क्षतिपूर्ति की मांग की है। बीते एक हफ्ते से जिले में मौसम का अजीब रुख देखने को मिल रहा है। यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत उपला टकनौर क्षेत्र में बर्फबारी से ठंड बढ़ गया। बुधवार रात को भारी बर्फबारी और बृहस्पतिवार को ओले गिरने से उपला टकनौर क्षेत्र में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। सुक्की निवासी मोहन सिंह राणा, हर्षिल के माधवेंद्र रावत, जसपुर के राजेश राणा आदि सेब किसानों ने बताया कि फ्लावरिंग सीजन में ओलों की मार से सेब के पेड़ों से फूल, पत्तियां और टहनियां तक झड़ कर जमीन पर आ गिरीं। मौसम की बेरुखी से सेब के पेड़ों की परागण प्रक्रिया तहस नहस हो गई है।