Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 15 Feb 2023 4:21 pm IST


Success Story: ITF में सलेक्ट हुआ बिहार का बेटा, अब मंच पर बिखेरेगा सिंगिंग और रैप का जादू


गया। बिहार के गया जिले के एक युवक का चयन इंडियाज टैलेंट फाइट (ITF) के लिए रैपर सिंगर के तौर पर हो गया है। एक समय था जब पिता ने घर के खर्चों में कटौती करके तंगहाली के बीच बेटे के लिए गिटार खरीदा था। माता-पिता का त्याग और बेटे की मेहनत रंग लाई है और अब वह अपनी प्रतिभा देश स्तर पर दिखा रहा है। गया के गोदावरी मोहल्ले में विश्वजीत कुमार नवीन के पुत्र प्रिंस कुमार नवीन उर्फ अकारी रैपर का सेलेक्शन इंडियाज टैलेंट फाइट शो के लिए हो गया है। अब जल्द ही प्रिंस  इंडियन टैलेंट शो में अपना हुनर दिखाएंगे। 
प्रिंस मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके घर की आर्थिक स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं हैं। प्रिंस के माता-पिता एक-एक पैसा बचाकर रखते थे ताकि वे अपने बेटे को इंजीनियर बना सकें, लेकिन प्रिंस का रुझान म्यूजिक से कुछ ज्यादा ही था। प्रिंस जब दसवीं क्लास में पढ़ रहे थे, तो उन्होंने अपने पिता से गिटार और कैशियो की मांग की थी।  पिता ने भी बेटे का म्यूजिक के प्रति लगाव देखते हुए उसे गिटार कैशियो खरीद कर दे दिया था। इसके बाद से प्रिंस पढ़ाई करने के साथ साथ म्यूजिक के क्षेत्र में मेहनत करने लगे।
पिता अपने पुत्र को किसी भी सूरत में अच्छी पढ़ाई और बेस्ट म्यूजिक का क्षेत्र देना चाहते हैं। इसका नतीजा ये हुआ कि आज प्रिंस कुमार देहरादून में एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी कर रहे हैं। साथ ही  अब वह इंडियाज टैलेंट फाइट के लिए चयनित हो चुके हैं।  20 वर्षीय प्रिंस का आईटीएफ में  सलेक्शन होने से परिवार के लोग काफी खुश हैं। पिता विश्वजीत कुमार भारती और मां सीता देवी बताते हैं कि म्यूजिक के प्रति मेरे बेटे की काफी रूचि शुरू से रही है। एक बातचीत में प्रिंस ने बताया कि रैपर सिंगर के रूप में चयनित होने पर वह काफी खुश हैं।