Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 4 Jun 2023 7:57 pm IST

ब्रेकिंग

बिहार: भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहा पुल गिरा, तीन पिलर भी पानी में समाए


खगड़िया: बिहार के भागलपुर में खगड़िया के अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच गंगा नदी पर बन रहा पुल रविवार को गिर गया। पुल के तीन पिलर भी नदी में समा गए। पुल का करीब 192 मीटर हिस्सा नदी में गिरा है। हादसा शाम के समय हुआ, इसलिए कोई मजदूर वहां काम पर नहीं था। हालांकि, इतना बड़ा स्ट्रक्चर गिरने से गंगा नदी में कई फीट ऊंची लहरें उठीं। इससे नदी में नाव में बैठे लोग सहम गए।

यह पुल पिछले साल भी गिर चुका है। इसे एसपी सिंगला कंपनी बना रही है। पुल का शिलान्यास 2014 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। पुल का निर्माण 2015 से चल रहा है। इसकी लागत 1710.77 करोड़ रुपये है। ये पुल अगुवानी और सुल्तानगंज घाट (भागलपुर जिला) के बीच बन रहा है। यह पुल बरौनी खगड़िया एनएच 31 और दक्षिण बिहार के मोकामा, लखीसराय, भागलपुर, मिर्जाचौकी एनएच 80 को जोड़ेगा। बिहार के खगड़िया की ओर से 16 किलोमीटर और सुल्तानगंज की ओर से चार किलोमीटर लंबा एप्रोच रोड के जरिये उत्तर बिहार सीधे मिर्जा चौकी के रास्ते झारखंड से जुड़ जाएगा। पुल बनने से खगड़िया से भागलपुर आने के लिए 90 किलोमीटर की दूरी की मात्र 30 किलोमीटर रह जाएगी।


सीएम नीतीश ने आठ साल पहले रखी थी आधारशिला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 फरवरी, 2014 को खगड़िया जिले के परबत्ता में पुल निर्माण की आधारशिला रखी थी। इसके बाद 9 मार्च, 2015 को पुल निर्माण का काम शुरू हुआ था। पुल की लंबाई 3.160 किलोमीटर है। एक साल पहले भी इस निर्माणाधीन पुल का सुपर स्ट्रक्चर नदी में गिर गया था। तीन पिलरों के 36 स्लैब यानी करीब 100 फीट लंबा हिस्सा भरभराकर ढह था। रात में काम बंद था, इसलिए जनहानि नहीं हुई थी। उस समय पुल पुल निगम के एमडी के साथ एक टीम वहां जाकर जांच भी की थी। अब यह फिर हादसा हो गया।