Read in App


• Sat, 30 Sep 2023 2:05 pm IST


किशोरी के साथ दुष्कर्म की खबर से झल्लाए लोग, बाहरी लोगों को पीट-पीटकर भगाया


पौड़ी : तहसील कीर्तिनगर के बडियारगढ़ क्षेत्र में किशोरी के साथ हुए दुराचार के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यहां स्थानीय लोगों ने करीब 20 लोगों की पिटाई कर दी। सभी घायलों को बेस अस्पताल श्रीकोट में भर्ती कराया गया है। बता दें की कीर्तिनगर तहसील क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुराचार मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने क्षेत्र में कार्य करने वाले समस्त मजदूर, मिस्त्री, नाई, मांस  सहित अन्य बाहरी लोगों को भगा दिया। इससे पहले घटना का पता चलने पर आक्रोशित लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसका सिर मुंडवाकर, चेहरे पर कालिख पोतकर बाजार क्षेत्र में घुमाया और राजस्व पुलिस को सौंप दिया। जानकारी के मुताबिक घटना तहसील कीर्तिनगर के राजस्व क्षेत्र स्थित एक गांव की है। किशोरी के पेट का आकार बड़ा होने पर परिजनों ने उससे इसके बारे में पूछा। जिस पर किशोरी ने इसे सामान्य बात कहते हुए टाल दिया। परिजनों ने सख्ती की तो किशोरी ने अपने साथ हुई दुराचार की बात बताई।एसडीएम कीर्तिनगर सोनिया पंत ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। वह मिस्त्री है और लंबे समय से इस क्षेत्र में लोगों के घर बनाने का काम करता आ रहा है। आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ दुराचार व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। नाबालिग को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। किशोरी गर्भवती है। एसडीएम पंत ने बताया कि मामले को रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किए जाने के लिए डीएम टिहरी को पत्र भेजा गया है।