बॉलीवुड अभिनेता मनोज बाजपेयी के ऊपर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। आज उनकी मां गीता देवी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है। वह 80 वर्ष की थीं। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से उनका दिल्ली के एक हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। उन्होंने इलाज के दौरान अस्पताल में ही दम तोड़ा। उनके निधन से पूरा परिवार सदमे में है। वहीं फैंस उन्हें हिम्मत और हौंसला रखने की सलाह दे रहे हैं।
बता दें कि मनोज बाजपेयी के पिता राधाकांत बाजपेयी ने भी एक साल पहले ही दुनिया को अलविदा कहा था। एक्टर माता-पिता को अपनी ताकत मानते थे। वे अपने पेरेंट्स के काफी करीब थे। एक्टर की मां के निधन के बारे में जानकारी फिल्ममेकर अशोक पंडित ने दी। उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट किया- मनोज बाजपेयी की मां अब नहीं रहीं, मनोज बाजयेपी आपकी मां के निधन पर आपके और आपके पूर परिवार को हमारी संवेदनाएं, ओम शांति!
बता दें कि मनोज बाजपेयी बॉलीवुड के एक ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग का लोहा मनवाया। वे जब भी पर्दे पर दिखते हैं तो फैंस की वाहवाही लूट लेते हैं। मनोज बाजपेयी के कई प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं। इनकी अगली फिल्म है 'सिर्फ एक बंदा काफी है।' इस फिल्म का उनका फर्स्ट लुक भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जो लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।