Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 15 Jul 2023 11:15 am IST

जन-समस्या

दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट: यमुना का पानी घटा, 30 से ज्यादा इलाके अभी भी जलमग्न


नई दिल्‍ली: दिल्ली में शनिवार सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर घटकर 207.53 मीटर पर आ गया। अभी इसके और कम होने की उम्मीद है। उधर, मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली के बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, 15 जुलाई को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राजधानी के इंद्रप्रस्थ इलाके में यमुना नदी में बने ड्रेनेज का रेगुलेटर टूट गया था। सेना की मदद से इसे शुक्रवार रात ठीक कर दिया गया। आईटीओ बैराज का एक गेट भी खोल दिया गया। हालांकि, अभी भी बाढ़ का पानी लाल किला, यमुना बाजार, आईटीओ, बेला रोड और आस-पास के क्षेत्रों में भरा हुआ है। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ की 16 टीमें अभी भी तैनात हैं।

दिल्ली के बड़े अपडेट्स

आईटीओ, कश्‍मीरी गेट, पुरानी दिल्ली और यमुना बाजार सहित दिल्ली के 30 इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं। ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्‍लांट को चालू कर दिया गया। गुरुवार को नदी का जलस्‍तर 208.66 मीटर होने के बाद इसे बंद कर दिया गया था।

मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि नदी का वाटर लेवल 207.7 होने पर वजीराबाद और चंद्रावल के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी चालू कर दिया जाएगा।

राजधानी में 25 हजार से अधिक लोग बचाए गए हैं। 22 हजार से ज्यादा लोग टैंट और दूसरे शेल्टर में रह रहे हैं। एनडीआरएफ की 16 टीमें तैनात हैं।

राज्‍यों के लिए अगले 24 घंटे

तेज बारिश- हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा, कर्नाटक।

हल्की बारिश- दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।