हरिद्वार। कुंभ मेला क्षेत्र में भूमि आवंटित ना होने से नाराज चल रहे किन्नर अखाड़े ने बुधवार की सुबह देहरादून पहुंच कर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। किन्नर अखाड़ा की समस्याओं को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने जल्द ही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। भूमि आवंटित ना होने से खिन्न होकर किन्नर अखाड़ा ने भाजपा पार्षद की भूमि पर छावनी बनाने का काम मंगलवार को शुरू कर दिया गया था।
हरिद्वार लक्सर मार्ग पर स्थित भूमि पर बकायदा किन्नर अखाड़ा ने पूजन भी कर लिया था। मंगलवार शाम को ही किन्नर अखाड़ा जिलाधिकारी दीपक रावत से भी मिला था। लेकिन उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका था। बुधवार की सुबह भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरजीत सिंह के साथ किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी एवं अन्य सदस्यों ने देहरादून में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से मुलाकात की।
भाजयुमो नेता ने किन्नर अखाड़े की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए समाधान की मांग की। किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मीनारायण त्रिपाठी ने भी अपना पक्ष रखा। करीब आधा घंटा चली मुलाकात में मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि 20 मार्च को होने वाली बैठक में कुंभ को लेकर चर्चा होनी है। बैठक में किन्नर अखाड़े की सभी समस्याओं का निदान कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद किन्नर अखाड़े के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं भाजयुमो नेता हरजीत सिंह का आभार जताया।
किन्नर अखाड़े की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। कुंभ मेले की तैयारियों को जल्द से जल्द पूरा करने के साथ सभी अखाड़ों को समान रूप से सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। कुंभ मेला दिव्य व भव्य रूप से ही संपन्न होगा।