Read in App


• Mon, 14 Jun 2021 12:07 pm IST


इस बार उत्तराखंड में मानसून देगा जल्द दस्तक


देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज के साथ तीव्र बौछारों का सिलसिला जारी रहेगा। मैदानों में तेज हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं। बारिश और अंधड़ को लेकर अगले तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में मानसून 72 घंटे में दस्तक दे सकता है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि मानसून मध्य प्रदेश को पार कर चुका है। ऐसे में प्रदेश में इसे पहुंचने में तीन दिन लग सकते हैं। सबसे पहले यह कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों को स्पर्श करेगा। पहले इसके 20 जून तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा था। यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सटीक निकला तो मानसून तय समय से पांच दिन पहले पहुंचेगा। आमतौर पर यह समय 20 से 27 जून के बीच रहता है। इससे पहले वर्ष 2013 और वर्ष 2008 में भी मानसून क्रमश: 15 जून और 13 जून को पहुंचा था।