Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 5 Apr 2022 4:00 pm IST


अस्पताल अव्यवस्थाओं पर चिकित्सा अधीक्षक का घेराव


चम्पावत: उपजिला चिकित्सालय लोहाघाट की अव्यवस्थाओं पर लोगों ने गहरा आक्रोश जताकर चिकित्सा अधीक्षक का घेराव किया। उन्होंने जल्द व्यवस्थाएं न सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा के साथ कई लोग उपजिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को देखने के लिए गए। जहां उन्होंने देखा कि भर्ती मरीजों के लिए बेड में चादर की व्यवस्था तक नहीं है। मरीज के तीमारदार अपने हाथों से कूड़ा उठा रहे हैं। मरीजों के देखने के लिए भी डॉक्टर समय पर नहीं आ रहे हैं। लोगों ने अव्यवस्था देख कर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जुनैद कमर का घेराव कर दिया। उन्होंने सीएमओ से भी वार्ता कर लोहाघाट की अव्यवस्थाओं के बारे में बताया। लोगों ने कहा कि अगर जल्द व्यवस्थाओं पर सुधार नहीं किया जाता है तो वह अस्पताल में जनता के साथ आंदोलन और तालाबंदी करने को मजबूर हो जाएंगे।