Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 7 Mar 2022 8:00 am IST


यात्रियों के लिए खुश खबरी, आनलाइन टिकटिंग के लिए एप बनाएगा परिवहन निगम


 देहरादून। पर्यटन सीजन के निकट आते ही परिवहन निगम भी अपनी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गया है। इस कड़ी में परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के लिए आनलाइन टिकटिंग मोबाइल एप बनाने की तैयारी कर रहा है। मकसद यह कि इस मोबाइल एप के जरिये निगम की बसों में यात्री अपनी सीट सुनिश्चित कर सकें।

कोरोना काल के बाद से लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा निगम

परिवहन निगम कोरोना काल के बाद से ही लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। हालात यहां तक पहुंचे कि निगम के पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने तक के लिए बजट नहीं बचा था। इसके बाद प्रदेश सरकार ने निगम के पुराने देयकों का भुगतान करने के साथ ही उसकी माली हालात सुधारने को आर्थिक सहायता भी दी। इसके बाद से ही शासन निगम प्रबंधन को आर्थिकी सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कदम उठाने के लिए कह रहा है। शासन ने परिवहन निगम को अब नई बसों की खरीद के स्थान पर अनुबंध के आधार पर ही बसों का बेड़ा बढ़ाने और नए मार्गों पर बस संचालन करने को कहा है।