DevBhoomi Insider Desk • Mon, 8 Aug 2022 4:47 pm IST
नशीला पदार्थ पिलाकर महंत और उनके शिष्य को लूटा
तीरथ नगर गांव के प्राचीन शिव मंदिर के आश्रम के महंत और उनके शिष्य को दो बदमाशों ने नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर आश्रम में रखे लाखों रुपये की लूट कर ली। ग्रामीणों ने मंदिर आश्रम के महंत और उनके शिष्य को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। महंत की हालत चिंताजनक बनी हुई है। तीरथ नगर गांव के पास जंगल में तीर्थ नाम से प्राचीन शिव मंदिर और आश्रम है। इसी तीर्थ मंदिर के नाम से तीरथ नगर गांव बसा है। इस आश्रम में लगभग 50 वर्षों से जयानंद महाराज (70) रहते हैं। वही इस आश्रम के महंत हैं। उनके साथ उनके शिष्य चंद्रपाल सिंह (45) भी रहते हैं। शनिवार शाम को आश्रम में दो बदमाश आए। उन्होंने मंदिर के महंत से कहा कि वे जंगल में रास्ता भटक गए हैं। उन्हें जंगल के रास्ते से रामनगर जाना है। महंत ने उन्हें जंगली जानवर के कारण रात में नहीं जाने की सलाह दी और आश्रम में रुकने का आग्रह किया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। अतिथियों की सेवा सत्कार के लिए शिष्य ने भोजनशाला में जाकर उनके लिए चाय बनाई। वे भी शिष्य के साथ भोजनशाला में चले गए।