Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 23 Jan 2022 12:43 pm IST


कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का फिर बढ़ा इंतजार, यह है वजह


बीते कई महीनों से सियासी पहेली बने पूर्व पीसीसी चीफ किशोर उपाध्याय का मामला कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली लिस्ट आने के बाद और उलझ गया है। भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी इस सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इस कारण किशोर का मामला अब भी चौराहे पर नजर आ रहा है। किशोर उपाध्याय ने पिछली बार सहसपुर से चुनाव लड़ा था। इस बार कांग्रेस ने इस सीट पर पिछली बार बागी होकर किशोर की हार का कारण बने आर्येद्र शर्मा का नाम पहली लिस्ट में शामिल कर लिया है। दूसरी तरफ किशोर की परंपरागत सीट टिहरी को अभी खाली रखा गया है। इससे पहले भाजपा ने भी टिहरी पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया था, जबकि अभी टिहरी सीट पर भाजपा का कब्जा है।

माना गया था कि भाजपा किशोर उपाध्याय को यहां टिकट दे सकती है। अब कांग्रेस ने टिहरी सीट खाली रखकर, गेंद एक तरह से फिर किशोर के पाले में डाल दी है। इससे पूर्व कांग्रेस आला कमान किशोर उपाध्याय से सभी जिम्मेदारियां वापस लेकर उनके प्रति ठंडे रुख का भी इजहार कर चुका है, कांग्रेस ने उनकी भाजपा नेताओं से बढ़ती मुलाकातों को अनुशासनहीनता के रूप में लिया है। नामांकन की घड़ी करीब आने के साथ ही किशोर मामले का पटाक्षेप स्वत: ही हो जाएगा।