Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 25 Apr 2022 6:23 pm IST


हल्द्वानी से दिल्ली के लिए चुकाने होंगे 500 से ज्यादा रुपये! जानें प्रमुख रूटों का संभावित किराया


सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का किराया बढ़ाने की कवायद शुरू हो गई। डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच करीब ढाई साल बाद बस, ऑटो रिक्शा, टैक्सी आदि के किराये में इजाफा होगा। राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) शासन को अपनी रिपोर्ट सौंप चुका है। जानकारी के अनुसार बसों का पहाड़ी रूटों पर किराया 60 पैसे और मैदानी रूटों पर 42 पैसे प्रति किलोमीटर तब बढ़ सकता है।ऐसा होता है तो दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सामान्य बसों में भी 380 के बजाय पांच सौ से ज्यादा रुपये प्रति यात्री चुकाने होंगे। कुमाऊं का प्रवेश द्वार हल्द्वानी पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों में आवागमन का केंद्र है।  यहां रोडवेज या केमू की बसों के माध्यम से यात्री पहाड़ों को जाते हैं। साथ ही मैदानी क्षेत्रों की आवाजाही भी यहीं से शुरू होती है।अब किराया बढ़ाने को लेकर सामने आई सूत्र आधारित रिपोर्ट के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में बसों का किराया 2.10 रुपये और मैदानी रूटों पर 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर हो सकता है।  ऐसे में अल्मोड़ा से लेकर पिथौरागढ़ और धारचूला तक जाने के लिए अब 35 फीसदी ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है।वहीं प्रदेश की राजधानी देहरादून और देश की राजधानी दिल्ली जाने के लिए इसी दर से महंगा सफर करना पड़ेगा। हालांकि परिवहन विभाग ने इसे लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन इतना तय है कि बढ़ती महंगाई के बीच प्रदेश की जनता पर बस और ऑटो रिक्शा का किराया बढ़ने से आर्थिक असर जरूर पड़ेगा।