Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 29 May 2022 11:00 am IST

नेशनल

उमस ने बिगाड़ा मौसम का मिजाज, यूपी में बादल तो बिहार में बारिश से गर्मी घटी


राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगभग एक हफ्ते तक मौसम सुहाना रहने के बाद गर्मी का सितम फिर से शुरू हो गया है। महानगर का पारा एक बार फिर से 40 से ऊपर जाने लगा है। तापमान बढ़ने के साथ उमस से भी लोग परेशान हो रहे हैं। 

आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने वाला है। हालांकि लोगों को हीटवेव से राहत जरुर मिली है। मानसून को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि, केरल में 29 मई नहीं तो 30 मई को मानसून दस्तक दे सकता है। बता दें कि मॉनसून के आने से पहले केरल के अलग-अलग जिलों में जमकर बारिश हो रही है। वहीं मानसून आने के बाद भारी बारिश की संभावना है।

यूपी के कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाये हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यमुनानगर, सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, मुजफ्फरनगर, कांधला, खतौली, सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, बड़ौत, दौराला के आसपास के क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटा की गति के साथ हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं बारिश की भी संभावना है। बिहार की राजधानी पटना समेत 8 जिलों में बारिश हो रही है। 

वहीं पटना में रविवार सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। शाली, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया और अररिया के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो रही है। वहीं राजस्थान की राजधानी जयपुर के साथ गंगानगर, जोधपुर समेत 8 शहरों में दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। जबकि धौलपुर जिले में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मध्यप्रदेश में आज से अगले तीन दिनों तक सागर, जबलपुर, चंबर, रीवा, सतना, भोपाल और नर्मदापुरम क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण अगले 3 दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने वाला है।