Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 24 Sep 2022 7:00 am IST

नेशनल

‘अमीरी’ के मामले में महाराष्ट्र टॉप पर, जानिए UP-MP और बिहार की पोजीशन


नई दिल्‍ली: इंडिया इंफोलाइन फाइनेंस लिमिटेड (IIFL) वेल्थ हुरुन इंडिया की ओर से वर्ष 2022 के लिए जारी अमीरों लिस्ट में भी गौतम अडानी 10.94 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर आ गए हैं। जबकि, पिछले वर्ष सूची में पहले नंबर पर रहे मुकेश अंबानी 7.94 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस बार दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। हुरुन इंडिया की तरफ से जारी की गई इस लिस्ट में करोड़पतियों के बारे में राज्यवार भी जानकारी दी गई है।

आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया की लिस्ट के मुताबिक, देश के सबसे ज्यादा अमीर लोग महाराष्ट्र में रहते हैं। इस लिस्ट में इस राज्‍य से 335 अरबपतियों को जगह मिली है। जो पिछले वर्ष की तुलना में 33 अधिक है। बता दें कि वर्ष 2018 की सूची में महाराष्ट्र से 271 अरबपतियों को शामिल किया गया था।

किस राज्‍य में कितने अरबपति?

लिस्‍ट में महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा अरबपति दिल्ली (185) से हैं। बीते वर्ष की तुलना में दिल्ली से शामिल किए गए अरबपतियों में 18 लोग बढ़े हैं। वहीं, लिस्ट के मुताबिक कर्नाटक से 94, गुजरात से 86, तमिलनाडु से 79, तेलंगाना से 70, पश्चिम बंगाल से 38, हरियाणा से 29, उत्तर प्रदेश से 25, राजस्थान से 16, केरल से 15, आंध्र प्रदेश से आठ, पंजाब से सात, मध्य प्रदेश से छह, झारखंड और बिहार से चार-चार, छत्तीसगढ़ व ओडिसा से तीन-तीन, उत्तराखंड से दो और चंडीगढ़ से एक अरबपति है। यानी इन राज्‍यों में इतने अरबपति रहते हैं।