Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 13 Jun 2023 10:55 am IST

ब्रेकिंग

गुजरात की ओर बढ़ रहा तूफान ‘बिपरजॉय’, आंधी-बारिश के चलते पांच लोगों की मौत


पोरबंदर: अरब सागर में उठा तूफान बिपरजॉय अब गुजरात की ओर बढ़ रहा है। 15 जून की दोपहर को ये तूफान कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराने वाला है। इस दौरान 150 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, थोड़ी राहत वाली बात यह है कि तूफान कुछ कमजोर हुआ है, लेकिन यह अब भी खतरनाक ही है।

बिपरजॉय तूफान के चलते गुजरात और मुंबई के तटीय क्षेत्रों में आंधी और बारिश का दौर जारी है, जिसमें पांच लोगों की मौत की खबर है। गुजरात के तटीय जिलों कच्छ, द्वारका, पोरबंदर, जूनागढ़, जामनगर और मोरबी के तूफान प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। अभी तक 7500 लोगों को शिफ्ट किया जा चुका है। आज से 23,000 लोगों को शिफ्ट करने का अभियान चलाया जाएगा। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।


14 जून की सुबह तक उत्‍तर की ओर बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग द्वारा मंगलवार सुबह दिए गए अपडेट के अनुसार, तूफान आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से नॉर्थ-वेस्ट में आगे बढ़ रहा है। तूफान मंगलवार सुबह 5:30 बजे द्वारका से 290 किमी, पोरबंदर से 300 किमी, जखौ पोर्ट से 340 किमी और नालिया से 350 किमी दूर था। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के 14 जून की सुबह तक उत्तर की ओर बढ़ने की संभावना है, जिसके बाद ये मुड़कर नॉर्थ-नॉर्थ ईस्ट दिशा में आगे बढ़ेगा।