Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 18 Jun 2022 9:30 pm IST

मनोरंजन

बॉलीवुड में कॉन गेम चल रहा है, अब वो ईमानदारी नहीं रही: मुकेश भट्ट


फिल्म निर्माता मुकेश भट्ट ने बॉक्स ऑफिस पर हाल की बॉलीवुड फिल्मों के प्रदर्शन के बारे में बात की और बॉलीवुड के मौजूदा सेटअप की आलोचना की। पृथ्वीराज, रनवे 34, धाकड़ और अंतिम जैसे कई बड़े नाम हाल के दिनों में बॉक्स ऑफिस पर प्रभाव डालने में असफल रहे। हालांकि गंगूबाई काठियावाड़ी या भूल भुलैया जैसी फिल्में सिनेमाघरों में भीड़ खींचने में कामयाब रहीं, लेकिन दक्षिण भारतीय फिल्मों ने मुख्य रूप से अधिकांश दर्शकों को आकर्षित किया है।

महेश भट्ट के भाई मुकेश भट्ट ने कहा कि हिंदी फिल्म निर्माता अडैप्ट करने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा, “नैरेटिव चेंज होना चाहिए। महामारी के चलते ओटीटी सबसे आगे आ गया है। ऑडियंस अब अच्छे कांटेंट के बारे में जानती है। आप उन्हें वो कांटेंट प्रदान नहीं कर सकते, जो उन्हें महामारी से पहले दी जा रही थी। हम उस तरह के नैरेटिव से थक चुके हैं। हमें समय के साथ बदलना होगा। पीढ़ी बदल रही है और अगर आप नहीं बदले तो आप पीछे रह जाएंगे। बॉलीवुड में अभी जो हो रहा है, वह यह है कि लोग फिल्म नहीं बल्कि सेटअप बना रहे हैं। सेटअप काम नहीं करते, फिल्में काम करती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, “अब कोई फिल्म नहीं बना रहा है। वे सभी व्यापार कर रहे हैं। इतने में बना लो, इतने में बेचो और इतना पैसा और कमाओ। यह एक कॉन गेम चल रहा है। हम ऐसा कभी नहीं करते थे। हम ऐसे थे कि कहानी हमें उत्साहित करती है तो चलिए इसे बनाते हैं! वो ईमानदारी अब चली गई है।