Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 25 Mar 2023 5:29 pm IST


राहुल की लोकसभा सदस्यता रद करने पर कांग्रेस में उबाल


बागेश्वर : कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्या रद करने पर कांग्रेस में उबाल आ गया है। नाराज कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। केंद्र सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। कहा कि जब तक उनकी सदस्यता बहाल नहीं की जाएगी उनका आंदोलन जारी रहेगा।जिलाध्यक्ष भगवत डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ता शनिवार को एसबीआई तिराहे पर पहुंचे। यहां जोरादार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता रद करना भाजपा की बौखलाहट है। संसद में अदानी और मोदी के रिश्ते को लेकर राहुल गांधी ने जो सवाल किए उससे सरकार तिलमिला गई है। उन्होंने कहा कि सरकार तानाशाही पर उतर आई है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह की तानाशाही को कतई नहीं पनपने देगी। इसके बाद केंद्र के पुतले को आग के हवाले किया। इस मौके पर कवि जोशी, कुंदन गिरी, हरीश त्रिकोटी, किशन गिरी, ललित बिष्ट, रणजीत दास, गीता रावल, सुनीता टम्टा, राजेंद्र परिहार, दरपान राम आदि मौजूद रहे। उधर, कपकोट में भी ब्लॉक अध्यक्ष दीपक गड़िया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।