Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 24 Sep 2022 10:00 pm IST


Pithoragarh Landslide: भूस्खलन से नीचे आ गिरा पूरा 'पहाड़'


चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-लिपुलेख सड़क पर शुक्रवार दोपहर बाद लखनपुर और नजंग के बीच पहाड़ी दरकने से भूस्खलन हुआ है। इस कारण सड़क यातायात के लिए फिर बंद हो गई है और चीन सीमा के निकटवर्ती गांवों का शेष जगत से संपर्क कट गया है। चीन सीमा को जोड़ने वाली यह सड़क पिछले दिनों मलघाट में भूस्खलन के कारण बंद हो गई थी। भूस्खलन के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।


बारह दिन बाद बुधवार देर शाम इस सड़क पर यातायात सुचारु हो सका था। दो दिन बाद शुक्रवार दोपहर बाद चार बजे लखनपुर और नजंग के बीच तम्पा मंदिर के पास अचानक पहाड़ी दरक गई। पहाड़ी जैसे ही खिसकी पूरा क्षेत्र धूल के गुबार से भर गया और सड़क फिर बंद हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने भागकर जान बचाई। सड़क बंद होने से व्यास घाटी के सात गांवों का संपर्क कट गया है।