Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 8 Apr 2022 7:00 am IST


देहरादून की कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं सीएम धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून कैंट सीट से उप चुनाव लड़ सकते हैं। बुधवार को अचानक यह चर्चा राजनीतिक गलियारों में तैरने लगी। दरअसल, भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खुद को 22 साल से कैंट क्षेत्र का निवासी बताया। उनके इसी बयान ने इस चर्चा को हवा दी, जिसे उनकी देहरादून कैंट सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनका कैंट विधानसभा से पुराना नाता है। 22 साल से वह यमुना कालोनी में रह रहे हैं। यहां उन्हें सब जानते हैं। उनके इस बयान के बाद चर्चा शुरू हो गई कि खटीमा से विधानसभा चुनाव हारने के बाद मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी देहरादून कैंट से ही विधायक चुने जाने की तैयारी कर रहे हैं।

यहां से भाजपा विधायक सविता कपूर उनके लिए सीट छोड़ सकती हैं। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई औपचारिक बयान नहीं आया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह पारदर्शिता के साथ काम करेंगे और प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास कार्य पहुंचाएंगे। उत्तराखंड राज्य गठन की 25वीं वर्षगांठ बेहद खास होने की बात भी उन्होंने कही। बोले, तब तक प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूर्ण हो जाएंगे।