पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने हुगली में हुए दंगे पर सख्त टिप्पणी करते हुए आश्वासन दिया कि, हुगली शोभा यात्रा के दौरान हंगामा करने वाले दोषियों को आज रात तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
राज्यपाल ने कहा, 'सुरक्षाबल समय पर पहुंच गए हैं, और दोषियों को आज रात ही गिरफ्तार किया जाएगा और सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा। हम दृढ़ हैं... इस तरह की गुंडागर्दी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को विफल करती है।' उन्होंने कहा कि, 'गुंडों को लोहे के हाथ से कुचल दिया जाएगा। वह उस दिन को कोसने के लिए मजबूर हो जाएंगे जिस दिन वे पैदा हुए थे।
राज्यपाल ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि, लोकतंत्र को पटरी से नहीं उतारा जा सकता है। राज्य इस आगजनी और लूटपाट को खत्म करने के लिए दृढ़ है। कानून तोड़ने वालों को जल्द ही ये अहसास होगा कि वे आग से खेल रहे हैं।' गौरतलब है कि, हुगली में भाजपा की शोभा यात्रा के दौरान जमकर बवाल और पथराव हुआ। इसमें कई लोग घायल भी हुए हैं।