Read in App

Rajesh Sharma
• Tue, 10 Aug 2021 9:20 pm IST


गायत्री परिवार नारियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा-राज्यपाल


हरिद्वार। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि गायत्री परिवार नारियों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पुरुषों की सहयोगात्मक प्रवृत्ति से ही महिलाएं आगे बढ़ेंगी, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर हो पायेंगी। यह बात उन्होंने शांतिकुंज में सोमवार को नारी सशक्तिकरण पर ऑनलाइन संगोष्ठी में कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना चाहिए। राज्यपाल ने सती, अनुसूया को अपना आदर्श बताया। राज्यपाल ने अपने अनुभवों को सांझा करते हुए कठिन परिस्थितियों में घर परिवार में महिलाओं के योगदान को उल्लेखनीय बताया। ऑनलाइन संगोष्ठी में संस्था की अधिष्ठात्री शैल दीदी ने कहा कि शांतिकुंज की नारी जागरण अभियान की अलग विशेषता है। यह आंदोलन नारी का सर्वांगीण विकास कर उसके गौरवमयी स्वरूप का बोध कराना, नारी के मौलिक गुणों का विकास करना एवं उसके खोए हुए वर्चस्व को पुनर्स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि सुशिक्षित, स्वावलंबी और प्रगतिशील नारी सुसंस्कृत परिवार की धूरी है। नारी को उसकी गरिमामय स्वरूप को विकसित और प्रतिष्ठित होने का जो अभियान शांतिकुंज की ओर से चलाया जा रहा है, उसमें समाज के सभी वर्ग का सहयोग अपेक्षित है। शैफाली पण्ड्या ने कहा कि प्रशिक्षण, संगोष्ठी अपने अंदर छुपी प्रतिभा को जाग्रत करने एवं आंतरिक ऊर्जा को सुनियोजित करने की विधा का नाम है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यमों से सैद्धांतिक व व्यावहारिक जानकारियां दीं। महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या मुक्ति शर्मा ने बताया कि शांतिकुंज द्वारा संचालित कार्यक्रमों में नारी जागरण प्रमुख आन्दोलनों में शामिल है।