Read in App


• Fri, 24 May 2024 11:14 am IST

अपराध

नाराज पत्नी ने पति पर किया तवे और लकड़ी से हमला , अपने ही हाथों मिटाया मांग का सिंदूर


ऊधम सिंह नगर : बाजपुर में मोहल्ला सुभाषनगर में दंपती के बीच विवाद हुआ। नाराज पत्नी ने तवे और लकड़ी की फंटी से हमला कर पति की जान ले ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी चंद्रप्रकाश और उसकी पत्नी कंचन के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। नाराज कंचन ने तवे और लकड़ी की फंटी से चंद्रप्रकाश के सिर पर पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उसने अपने ससुर शंकर से कहा कि पति को कुछ हो या है। परिजनों ने जाकर देखा तो चंद्रप्रकाश के नाक और सिर से खून बह रहा था। सूचना पर कोतवाल मनोज रतूड़ी, एसएसआई विनोद फर्त्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अन्न राम आर्या ने बताया कि शंकर की तहरीर पर आरोपी पत्नी कंचन के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज कर जांच एसएसआई विनोद फर्त्याल को सौंपी गई है। इधर देर शाम चंद्रप्रकाश का अंतिम संस्कार कर दिया गया।