Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 26 Dec 2022 11:30 am IST


चारधाम में हिमपात से बढ़ी ठिठुरन , कईं जिलों में तापमान गिरा


देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बीते दो दिन से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल मंडरा रहे हैं।चारधाम समेत अन्य चोटियों में हल्का हिमपात होने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम के करवट बदलने से कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई है।वहीं सोमवार को राजधानी देहरादून में तड़के कोहरा और हल्‍के बादल छाए रहे। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश में सोमवार को भी कहीं-कहीं आंशिक से लेकर मुख्यत: बादल छाये रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा, बर्फबारी के आसार हैं।उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। मैदानी क्षेत्रों में उथला कोहरा भी छाया रह सकता है। मैदानों में घना कोहरा छाया रहने और कोल्ड डे कंडीशन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।प्रदेश में बदले मौसम के बीच चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। चारधाम समेत कुमाऊं में भी चोटियों पर बर्फबारी हुई। जिससे प्रदेशभर में ठिठुरन बढ़ गई। केदारनाथ धाम में हल्का हिमपात हुआ। मुनस्यारी के जोहार घाटी में लास्पा से लेकर चीन सीमा तक हिमपात हुआ। जबकि, धारचूला के उच्च हिमालयी दारमा और व्यास में मौसम शुष्क रहा।