Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 7 Jan 2023 2:30 pm IST


जोशीमठ भूधंसाव व हल्द्वानी प्रकरण पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी का सांकेतिक धरना


पौड़ी : जोशीमठ का ट्रीटमेंट करने और हल्द्वानी की जनता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर हेमवती नंदन बहुगुणा मूर्ति स्थल पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने सांकेतिक धरना दिया गया। उपपा के केंद्रीय महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल ने कहा कि हम जोशीमठ व हल्द्वानी की जनता के साथ हैं। जोशीमठ ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक व सामरिक दृष्टि से बहुत ही महत्वपूर्ण नगर है।कहा कि जोशीमठ के अस्तित्व को लेकर भू-गर्भ वैज्ञानिकों ने वर्ष 2008 में ही चेता दिया था उसके बाद अनेक स्तरों पर जनता भी आवाज उठाती रही है लेकिन प्रदेश सरकार ने नहीं सुनी। इसका नतीजा है कि आज जोशीमठ के लोग अपने घर छोड़कर दहशत में रहने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा में सरकार जनता के पक्ष में खड़ी नहीं हो पा रही है। वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि पूंजीवादी नीतियों के चलते आज पहाड़वासियों के जीवन पर संकट आ गया है। सीटू के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रावत व जिला सचिव देवानंद नौटियाल ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का नुकसान जनता को उठाना पड़ रहा है।