Read in App


• Sat, 27 Feb 2021 7:53 am IST


रुद्रपुर बाजार में बनेंगे छह नए हाईटेक शौचालय


बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ करीब तीन साल पहले हुई बड़ी कार्रवाई के दौरान ध्वस्त किए गए शौचालयों के स्थान पर नगर निगम अब नए शौचालय बनाने जा रहा है। नगर निगम ने अपने पोर्टल पर टेंडर के लिए संस्थाओं से छह मार्च तक आवेदन मांगे हैं। इसका टेंडर आठ मार्च को खुलेगा। न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में 12 मई 2018 से अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने व्यापक अभियान शुरू किया था। कई दिनों तक चली इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण की जद में आए कई शौचालयों को भी ध्वस्त किया गया था। इसके बाद बाजार क्षेत्र में नगर निगम ने नए शौचालयों का निर्माण नहीं कराया। इस कारण व्यापारियों के साथ ही खरीदारी के लिए बाजार आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।बाजार क्षेत्र में लोगों को खाली जगहों व पार्कों के आसपास लघुशंका करनी पड़ रही है। इससे बाजार क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। गोल मार्केट के पास इस तरह की समस्या सबसे अधिक है। इस समस्या को देखते हुए नगर निगम बाजार क्षेत्र में जल्द छह नए हाईटेक शौचालयों के निर्माण करने के लिए आठ मार्च को टेंडर खोलने जा रहा है।

इन स्थानों पर बनाए जाएंगे हाईटेक शौचालय

1- गांधी पार्क

2-प्रिंस चौक

3-गल्ला मंडी

4-वीर हकीकत राय मार्ग

5-अंबेडकर पार्क

6- भगत सिंह चौक

टेंडर नहीं भर पाएंगे ठेकेदार

रुद्रपुर। नगर निगम ने इस बार शौचालयों की टेंडर प्रक्रिया से ठेकेदारों से दूरी बना ली है। इसकी वजह ठेकेदारों की ओर से निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही बताई जा रही है। नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, ई-टेंडरिंग के लिए सिर्फ संस्थाएं ही आवेदन कर सकती हैं। (ब्यूरो)

बाजार क्षेत्र के छह हाईटेक शौचालयों के लिए आठ मार्च को टेंडर खुलने जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से सभी संस्थाओं से आवेदन मांगे गए हैं। इसके बाद जल्द शौचालयों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।