Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 19 Oct 2022 9:00 am IST


दीपावली के दिन इन मामूली गलतियों से नहीं मिलता पूजा का पूरा फल, जानिए नियम


दीपावली के अवसर पर पटाखे चलाने से ज्यादा लक्ष्मी पूजन का महत्व है। कार्तिक मास की अमावस्या पर पड़ने वाली दीपावली पर ऋद्धि-सिद्धि के दाता गणेश और धन की देवी लक्ष्मी की पूजा का विशेष फल मिलता है। मान्यता है कि दीपावली की रात विधि-विधान से गणेश-लक्ष्मी की पूजा करने पर व्यक्ति को पूरे साल धन-धान्य की कमी नहीं होती है। इसलिए घर की सफाई से लेकर रंगोली और पूजा-पाठ के जरिए माता लक्ष्मी प्रसन्न करने की कोशिश की जाती है। लेकिन पूजा-पाठ के अलावा भी कछ नियम हैं, जिनका पालन नहीं करने से लक्ष्मी रुठ जाती हैं और आपको पूजा का पूरा फल नहीं मिलता है। तो जानिए वो कौन से नियम हैं जिनका दिवाली के दिन विशेष रुप से ख्याल रखना चाहिए।

इन बातों का रखें खास ख्याल
1- दिवाली पूजा के दौरान मां लक्ष्मी के सामने जलाया गया दीया रातभर जलना चाहिए और इसे बुझने नहीं देना चाहिए। इसके लिए दीए में बड़ी बाती डालें 
   और उचित मात्रा में घी डालें। रात में नींद खुले, तो इसे दुबारा चेक कर लें।
2- दिवाली की रात को कभी भी घर के मुख्य द्वार पर जूते-चप्पल नहीं रखना चाहिए। दरअसल, मां लक्ष्मी का आगमन उसी मुख्य द्वार से होता है। उन्हीं के 
    स्वागत के लिए दरवाजे को रंगोली और मांगलिक प्रतीकों से सुसज्जित किया जाता है।
3- दिवाली की रात भूलकर भी झाड़ू नहीं लगानी चाहिए और न ही घर से बाहर कूड़ा फेंकना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से लक्ष्मी बाहर चली जाती हैं 
    और घर में दरिद्रता आती है।
4- दिवाली के दिन सात्विक भोजन करें और सात्विक विचार रखें। इस दिन तामसिक चीजों के सेवन से लक्ष्मी नाराज हो जाती है। इस दिन अपने व्यवहार में भी 
    सौम्यता रखें।
5- दिवाली के दिन कभी भी किसी को ऐसा उपहार न दें, जिससे नकारात्मक उर्जा निकलती हो। जैसे- कांटे वाले पौधे, हिंसक या उदासी भरे चित्र, नुकीले 
    खिलौने, हथियार आदि गिफ्ट न करें और न ही लें।
6- दिवाली के दिन न किसी से उधार लें और न ही किसी को धन उधार देना चाहिए। धन से जुड़े लेन-देन एक दिन पहले ही पूरे कर लें।
7- दिवाली के दिन यदि घर के दरवाजे पर कोई गरीब या साधु-संन्यासी आ जाए, तो उसे खाली हाथ नहीं जाने दें। अपने सामर्थ्य के अनुसार खाने-पीने की चीजें 
   या धन जरुर दें।