हल्द्वानी : भाजपा का प्रत्याशी चयन कर तरीका अन्य दलों से अलग है। पिछले चुनावों में जहां प्रत्याशी चयन को लेकर पर्यवेक्षक लोगों की राय डायरी में नोट किया करते थे, वहीं इस बार पदाधिकारियों से तीन-तीन दावेदारों के नाम लिख रहे हैं। सोमवार को जिले की तीन विधानसभा सीटों के लिए 450 लोगों ने इस रायशुमारी में हिस्सा लिया।
हल्द्वानी विधानसभा सीट को लेकर पदाधिकारियों में उत्साह दिखा। कुमाऊं संभाग कार्यालय में शाम पांच बजे पर्यवेक्षक राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल व पूर्व दर्जा राज्य मंत्री विनोद आर्य ने रायशुमारी शुरू की। इसमें हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, महामंत्री व मंडल अध्यक्ष के अलावा शक्ति केंद्रों के संयोजक शामिल रहे।