Read in App


• Thu, 11 Jan 2024 5:19 pm IST


महिला डाॅक्टर का पीछा कर किए अश्लील इशारे, मुकदमा दर्ज


पौड़ी। तहसील चौबट्टाखाल में एक युवक ने महिला डाॅक्टर का पीछा किया और उसे अश्लील इशारे किए। महिला डाॅक्टर की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लज्जा भंग करने की नीयत से पीछा करने, विरोध जताने पर गाली-गलौज व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं महिला डाॅक्टर ने विभागीय उच्च अधिकारियों को भी मामले की शिकायत सौंपकर आरोपी व उनके परिजनों से जान का खतरा बताया है।चौबट्टाखाल तहसील के एक अस्पताल में महिला डाॅक्टर सेवारत है और वहीं रहती है। वह शाम को सैर पर निकली थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनका पीछा करने लगा और अश्लील इशारे भी किए। महिला के शोर मचाने पर वह भाग गया। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम और राजस्व पुलिस को भी मामले की सूचना दी। राजस्व उप निरीक्षक महावीर सिंह ने बताया कि महिला डाॅक्टर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया कि मामला संवेदनशील होने के कारण रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने के लिए डीएम को पत्र भेज दिया है। दूसरी ओर महिला डाॅक्टर ने विभागीय उच्च अधिकारियों से मामले की शिकायत की। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. प्रवीण कुमार ने कहा कि संपूर्ण विभाग महिला डाॅक्टर के साथ है। जिलाधिकारी व एसएसपी से मामले में डाॅक्टर की सुरक्षा व कानूनी कार्रवाई करने की अपील की गई है।