Read in App


• Tue, 9 Jul 2024 3:56 pm IST


खटीमा में बारिश ने मचाई तबाही, 1500 से अधिक लोगों को किया विस्थापित


ऊधम सिंह नगर : खटीमा में रविवार सुबह आठ बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक 278 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश से आई बाढ़ के कारण घरों में पानी घुस गया। इससे क्षेत्र की करीब ढाई लाख की आबादी परेशान रही। अनहोनी के डर से लोग रातभर सो नहीं पाए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीम ने जलभराव में फंसे करीब 250 लोगों को रेस्क्यू किया। डीएम उदयराज सिंह ने भी शारदा नहर के आसपास और अन्य स्थानों पर जलभराव का निरीक्षण किया।खटीमा में रविवार शाम से शुरू बारिश का सिलसिला सोमवार दिनभर जारी रहा। इससे सीएम के गांव नगला तराई सहित अमाऊ, राजीवनगर, मेलाघाट मार्ग, खटीमा रेलवे स्टेशन मार्ग, हल्दी, नगला तराई, सुनपहर, चकरपुर, वन रावत बस्ती, पचौरिया , कंजाबाग, पकड़िया, झनकईया, झनकट, इस्लाम नगर आदि क्षेत्रों में बाढ़ का पानी चढ़ता गया। क्षेत्र की करीब 50 से अधिक कॉलोनियां भी बाढ़ से प्रभावित रही। घबराकर कई लोग मकानों की छत पर चढ़ गए। बारिश में कई लोगों का सामान बह गया।सितारगंज मार्ग पर बारिश सीएसडी कैंटीन के भवन की दीवार ढह गई। कई मकानों के बगल की सड़क पानी में बह गई। पचौरिया में रेलवे के अंडरग्राउंड पुल में भी पानी भर गया। लोगों की मदद के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों की टीमें ट्रैक्टरों से पहुंचती नजर आईं।