Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 28 Dec 2022 10:00 am IST

नेशनल

ठंड का असर : शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, कोहरे के चलते रद्द हुईं ट्रेनें...


उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड ने प्रचंड रुप लेना शुरु कर दिया है। कोहरे के कारण रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। 

कोहरे के चलते रेलवे ने आज 279 ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि 100 से ज्यादा उड़ाने लेट हैं। वहीं दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान में शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। तापमान लुढ़कने और घने कोहरे के कारण राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर दृश्यता 50 मीटर तक रह गई। इससे दिल्ली आने-जाने वाली 15 ट्रेनें देर से चलीं, जबकि दो के टाइम में बदलाव करना पड़ा। हालांकि, न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि, हवा के मंद पड़ने और चटख धूप के चलते राजधानीवासियों और आसपास के इलाकों में रहने वालों को भीषण सर्दी से कुछ राहत मिली। 

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। इन इलाकों में कहीं घना तो कहीं बहुत घना कोहरा भी छाया रहेगा। उसके बाद शीतलहर से कुछ राहत मिल सकती है और कोहर में भी कुछ कमी आने की उम्मीद है। एक-दो दिन थोड़ी राहत की उम्मीद है। हालांकि, नए साल का आगाज भीषण सर्दी से होने के आसार हैं।

इधर, पश्चिमी विक्षोभ के चलते 29 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लेह और हिमाचल में बर्फबारी होने की संभावना है। उत्तर पंजाब में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके चलते लोगों को 31 दिसंबर और 1 जनवरी को एक बार फिर भीषण शीतलहर का सामना करना पड़ेगा।