Read in App


• Sun, 21 Feb 2021 9:00 am IST


उपखनिज के स्टॉक में गड़बड़ी पर 27 लाख का जुर्माना


कपकोट/बागेश्वर। उप निदेशक खनन, प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम को दो स्टोन क्रशरों पर छापे के दौरान उप खनिजों के स्टॉक मे भारी गड़बड़ी मिली है। एक क्रशर में 443 टन उप खनिज अधिक पाया गया तो एक में छह हजार टन से अधिक उप खनिज कम पाया गया। दोनों क्रशरों पर 27 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। उप निदेशक खनन लेखराज, कपकोट की तहसीलदार पूजा शर्मा और राजस्व अधिकारियों ने शुक्रवार को कपकोट के पांकड़ स्थित बाराही स्टोन क्रशर का औचक निरीक्षण किया। पैमाइश के दौरान मौके पर 1650 टन उप खनिज पाया गया, जबकि ई रवन्ना पोर्टल पर 1207.46 टन उप खनिज दर्ज था। पोर्टल और स्थल पर मौजूद उप खनिज में 443 टन का अंतर पाया गया। उप निदेशक खनन लेखराज ने बताया कि उक्त क्रशर पर 3 लाख 55 हजार 50 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। स्थल पर अतिरिक्त पाए गए 443 उप खनिज को अग्रिम आदेश तक खुर्द-बुर्द न करने की हिदायत के साथ क्रशर स्वामी रमेश चंद्र सिंह गढ़िया के सुपुर्द किया गया। गोलना स्थित ईष्टदेव स्टोन क्रशर में 6235.37 टन उप खनिज कम पाया गया। अंदेशा है कि यह उप खनिज बगैर रवन्ने के बेच दिया गया। इस क्रशर पर 23 लाख 82 हजार 380 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।