पटेलनगर के देहराखास में टीएचडीसी कालोनी में देह व्यापार चल रहा था। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने शनिवार रात देह व्यापार के इस अड्डे का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें आठ युवतियां शामिल हैैं। यह वेबसाइट के माध्यम से चल रहा था। इस वेबसाइट के जरिये ही लड़कियों की बुकिंग की जाती थी।
सहायक पुलिस अधीक्षक हिमांशु वर्मा ने बताया कि टीएचडीसी कालोनी में एक फ्लैट में देह व्यापार के संचालन की शिकायत मिली थी। शनिवार रात पुलिस की एक टीम ने फ्लैट में दबिश दी तो वहां एक कमरे में दो महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए। दूसरे कमरे में छह महिलाएं मौजूद थीं। देह व्यापार का संचालक राजीव निवासी शास्त्रीनगर, मेरठ (उत्तर प्रदेश) भी मौके पर मौजूद था। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। राजीव ने बताया कि फ्लैट किराये पर ले रखा है। यहां वह लंबे समय से देह व्यापार चला रहा था।