Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 6 Nov 2022 9:08 pm IST


उपचुनाव में भाजपा का दबदबा, आरजेडी, टीआरएस और उद्धव की पार्टी को एक-एक सीट


नई दिल्ली: देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं। इनमें से चार सीट भाजपा ने जीती हैं। उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की गोपालगंज, ओडिशा की धामनगर और हरियाणा की आदमपुर सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कुल मिलाकर भाजपा को दो सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, बिहार की मोकामा सीट पर आरजेडी कैंडिडेट और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी जीत गई हैं। तेलंगाना में टीआरएस और महाराष्ट्र में उद्धव की पार्टी जीती है। सभी सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग हुई थी। जिन सात सीटों पर उपचुनाव हुआ, उनमें 2-2 सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस का कब्जा था। वहीं, तीन सीटों पर बीजद, शिवसेना और आरजेडी ने जीत दर्ज की थी।

यूपी की गोला गोकर्णनाथ सीट भाजपा ने बचाई
यूपी में लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी अमन गिरी ने सपा के विनय तिवारी को 34 हजार 298 वोटों से हरा दिया। जीत के अंतर के मामले में उन्होंने अपने पिता अरविंद गिरी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। पिछले चुनाव में अरविंद गिरी ने सपा के विनय तिवारी को 29 हजार 294 वोटों से हराया था।

हरियाणा की आदमपुर सीट भाजपा ने कांग्रेस से छीनी 
हरियाणा के हिसार जिले में आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी भव्य बिश्नोई को 16 हजार 606 वोटों से जीत मिली है। भव्य पूर्व सीएम भजनलाल परिवार की तीसरी पीढ़ी से हैं, जो चुनाव लड़े। पिछली बार उनके पिता कुलदीप बिश्नोई यहां से जीते थे। हालांकि कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।

बिहार में आरजेडी और भाजपा को मिली 1-1 सीट 
बिहार की दो सीटों पर हुए उपचुनाव में महागठबंधन और बीजेपी के बीच लड़ाई बराबरी पर रही। मोकामा सीट जहां आरजेडी ने जीती, वहीं गोपालगंज सीट भाजपा के खाते में गई। मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने भाजपा की सोनम देवी को 16 हजार 707 वोटों से हराया है। वहीं गोपालगंज में भाजपा की कुसुम देवी ने आरजेडी के मोहन गुप्ता को 2183 वोट से हरा दिया।
 
मुंबई के अंधेरी पूर्व में उद्धव गुट प्रत्याशी की जीत 
अंधेरी ईस्ट सीट से शिवसेना-उद्धव गुट की ऋतुजा लटके जीत गई हैं। लटके के खिलाफ सिर्फ एक निर्दलीय प्रत्याशी ही मैदान में था। लटके को कांग्रेस और एनसीपी ने अपना समर्थन दिया था। भाजपा ने बिजनेसमैन मुरजी पटेल को प्रत्याशी बनाया था। नामांकन दाखिल करने के 4 दिन बाद भाजपा ने अपने प्रत्याशी का नामांकन वापस ले लिया। भाजपा ने कहा कि वो एक विधवा के सामने चुनाव लड़कर महाराष्ट्र की संस्कृति को बदनाम नहीं करना चाहती है।

तेलंगाना के मुनूगोड़े में टीआरएस ने भाजपा को हराया
तेलंगाना में मुनूगोड़े विधानसभा सीट पर हुए कड़े मुकाबले में सत्तारुढ़ टीआरएस ने भाजपा को हरा दिया। टीआरएस के पूर्व विधायक कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी ने कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी को यहां करीब 9 हजार से भी अधिक वोटों से हरा दिया। कोमाटिरेड्डी राजगोपाल रेड्डी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, जिसके बाद यहां चुनाव हुए थे। वहीं कांग्रेस से पलवई श्रावंथी मैदान में थे।

ओडिशा के ​​​धामनगर सीट पर भाजपा जीती
ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। बीजेपी विधायक बिष्णु चरण सेठी का निधन होने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। भाजपा ने यहां से दिवंगत विधायक बिष्णु चरण सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को अपना प्रत्याशी बनाया। वहीं, बीजद ने यहां अबंती दास को अपना कैंडिडेट बनाया था।