Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 3 Jan 2025 6:00 pm IST


माधो सिंह भंडारी भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत: धामी


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के मलेथा में वीर शिरोमणि माधोसिंह भंडारी की स्मृति में आयोजित राजकीय औद्योगिक कृषि विकास मेले का शुभारंभ किया। सीएम धामी ने वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह सामान्य मेला नहीं अपितु एक वीर की याद में आयोजित होने वाला विशेष त्योहार है। उन्होंने कहा कि माधो सिंह भंडारी भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चा शौर्य शक्ति में नहीं अपितु सेवा ओर समर्पण में निहित होता है। जो वीर शिरोमणि माधोसिंह भंडारी के कार्यों से मिलता है। उनके द्वारा क्षेत्र की खुशहाली के लिए कठिन एवं विपरीत परिस्थितियों में जो सिंचाई गूल बनाई गई वह आज भी लोगों को लाभान्वित कर रही है।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के विकास और प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य, रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही है। जनपद टिहरी गढ़वाल में सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत 170 किमी में क्रेश बैरियर निर्माण किया जा रहा है। मुयालगांव में आपदा में बहे पुल के स्थान पर 18 मीटर लंबा बेली ब्रिज बनाया गया। टिहरी झील रिंग रोड निर्माण किया जा रहा है। पलायन रोकने को पर्यटन, रोजगार और व्यापार बढ़ाने के लिए नौकरियों का सृजन किया जा रहा है और स्वरोजगार के लिए विभिन्न योजनायें चलाई जा रही हैं। महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने को किसानों को 3 लाख तक का ऋण बिना ब्याज दिया जा रहा है। हाउस आफ हिमालय ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। अब तक सरकार 19 हजार से अधिक नौकरी देने का काम राज्य सरकार में कर चुकी है। समान नागरिक संहिता कानून लागू कर इतिहास बनाने का काम किया जा रहा है। जल्द ही प्रदेश में सख्त भू कानून बनाने का काम भी किया जाएगा।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टालों का निरीक्षण करने के बाद विभिन्न स्कूलों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा निकाली गई मार्च पास्ट रैली को सलामी दी। मुख्यमंत्री ने मलेथा में वीर शिरोमणि माधोसिंह भंडारी के स्मारक में उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण करने के बाद वीर माधोसिंह भंडारी द्वारा निर्मित ऐतिहासिक गूल को देखकर उन्हें नमन किया। इस मौके पर विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए हुए क्षेत्र के विकास के लिए मांगपत्र मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस अवसर पर निवर्तमान जिला पंचायत की प्रशासक सोना साजवाण, जिलाध्यक्ष भाजपा राजेश नौटियाल, नव निर्वाचित अध्यक्ष नगरपालिका परिषद देवप्रयाग ममता देवी, एसएसपी आयुष अग्रवाल, एएसपी जेआर जोशी, डीजीएम आरवीएनएल राजेश अरोड़ा आदि मौजूद रहे।