Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 14 Mar 2023 11:20 am IST


जानिए अगले तीन दिन कैसा रहेगा उत्तराखंड के मौसम का मिजाज ...


देहरादून : प्रदेशभर में मौसम का मिजाज सोमवार को भी बदला रहा। पहाड़ से लेकर कुछ मैदानी क्षेत्रों में हल्के बादल छाये रहे। केदारनाथ व टिहरी जनपद के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम को हल्की वर्षा हुई। मंगलवार से अगले तीन दिन राज्यभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। केवल अधिक ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्के बादल और वर्षा की संभावना है। इसके बाद 17 मार्च को प्रदेश में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। जिससे ऊंचाई वाले अधिकांश इलाकों में वर्षा और हल्की बर्फबारी हो सकती है। धारचूला में हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चली। जिले के विभिन्न हिस्सों में वर्षा हुई। देर सायं पिथौरागढ़ में भी लंबे समय बाद कुछ क्षणों के लिए हल्की बंूदाबांदी हुई।मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार सायं को मुनस्यारी में मौसम का रौद्र रू प देखने को मिला । तेज गरज के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से साग, सब्जी , फलों सहित रबी की फसल को भारी नुकसान हुआ है।निचले मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं वर्षा होने और ओलावृष्टि की संभावना है। सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गहरे बादल छाये रहे। इस दौरान देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश व डोईवाला में भी दोपहर 12 बजे तक हल्के बादल छाये रहने से तापमान सामान्य बना रहा। इसके बाद हल्की धूप खिली रही।देहरादून का अधिकतम तापमान 29.4 व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मसूरी का अधिकतम तापमान 25.7 व न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21.2 व न्यूनतम तापमान 8.5 सेल्सियस रहा।