नई दिल्ली: दुनिया में धीरे-धीरे फिर से अपने पैर पसार रहा कोविड-19 का नया वैरिएंट भारत में भी तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि जनवरी के मध्य में देश में कोरोना के मामले बढ़ सकते हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले ट्रेंड्स की
एनालिसिस के बाद यह माना जा रहा है कि अगले 40 दिन भारत के लिए मुश्किल होंगे। सूत्रों के अनुसार, देश में कोरोना की एक और लहर की स्थिति आ सकती है। ऐसे में
सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की जा
रही है।
तीन दिन में 39 विदेशी यात्री कोविड पॉजिटिव
दरअसल, ऐसा देखा गया है कि ईस्ट एशिया को प्रभावित करने के 30 से 35 दिनों बाद ही
भारत में नई लहर पहुंची थी। यह एक ट्रेंड रहा है, जिसके आधार पर यह दावा किया जा रहा है। उधर, बुधवार को दुबई
से आए दो यात्री चेन्नई एयरपोर्ट पर कोविड पॉजिटिव मिले हैं। ये दोनों तमिलनाडु के
पुदुक्कोट्टई के अलंगुडी जिले के निवासी हैं। इनके सैंपल जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए
भेज दिए गए हैं। इसके साथ ही पिछले तीन दिन में 39 इंटरनेशनल पैसेंजर्स पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें श्रीलंका के
रास्ते चीन से तमिलनाडु आई एक महिला और उसकी छह साल की बच्ची भी
शामिल है।