Read in App


• Thu, 21 Sep 2023 4:12 pm IST


टिहरी में धूमधाम से मनाया गया महासू देवता का जागड़ा


थत्यूड़ (टिहरी)। महासू देवता का जागड़ा ग्राम बिरोड़, म्याणी और ललोटना में धूमधाम से मनाया गया। ग्रामीणों ने ढोल दमाऊं की थाप पर रासों और तांदी नृत्य किया। ग्रामीणों ने महासू देवता के दर्शन कर खुशहाली की कामना की। पट्टी लालूर के बिरोड़, म्याणी और ललोटना में महासू देवता की डोली का मंत्रोचारण और ढोल नगाड़ों की थाप पर हजारों श्रद्धालुओं ने देवता के दर्शन किए।श्रद्धालुओं ने डोली और देवता के पश्वाओं से आशीर्वाद लेकर दुखों के निवारण और सुखी जीवन की कामना की। दोपहर बाद देव डोली बद्रीगाड़ नदी में स्नान के बाद नैग्याणा के ग्रामीणों की पुकार पर गांव पंहुची। यहां महासू देवता की डोली ने नृत्य कर ध्याणियों ने चांदी का पाथा (ढोरिया) और नाग देवता को औछाड भेंट किया। रात्रि को महासू की डोली ग्राम बिरोड़ पहुंची। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने जौनपुरी लोक गीतों पर तांदी नृत्य की प्रस्तुति दी।महासू देवता का दूध से अभिषेक किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने विभिन्न पकवान तैयार कर देवता को भोग चढ़ाया। प्रसाद वितरण के बाद जागड़ा पर्व का समापन हुआ।