Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 27 Oct 2022 12:15 pm IST


यमुनोत्री धाम के कपाट विधि विधान के साथ बंद, शीतकाल में खरसाली में होंगे दर्शन


उत्तरकाशीः विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं. दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर विधि विधान के साथ यमुनोत्री मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए. यमुनोत्री धाम से यमुना जी की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ खरसाली गांव पहुंचाया जा रहा है. जहां अब 6 महीने तक शीतकालीन के दौरान मां यमुना के दर्शन होंगे.बता दें कि आज सुबह 8.30 बजे खरसाली से यमुना के भाई सोमेश्वर (शनि) देवता की डोली यमुनोत्री के लिए रवाना हुई. यमुनोत्री में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के साथ अभिजित मुहूर्त पर दोपहर 12 बजकर 9 मिनट पर यमुनोत्री मंदिर के कपाट बंद किए गए. यहां यमुना जी की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ तीर्थ पुरोहितों के गांव खरसाली लाया जाएगा. इस दौरान धाम में जिले की कई देव डोलियां मौजूद रही.यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि अब शीतकाल में खरसाली गांव में यमुना जी के दर्शन और पूजा-अर्चना की जाएगी. शीतकाल में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु छह मीने तक मां यमुना के दर्शन खरसाली में कर सकेंगे. जिसके बाद अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर ग्रीष्मकाल के लिए यमुनोत्री धाम में पुनः मां यमुना के कपाट विधिवत दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे.