Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 31 Jan 2023 11:57 am IST

बिज़नेस

बजट पेश होने से पहले भारत के लिए महंगाई दर का अनुमान जारी, जानें मिलेगी राहत या बरकरार रहेगी आफत


चालू वित्तीय वर्ष के 6.8% की तुलना में अगले वित्तीय वर्ष में भारत में महंगाई दर 5% से नीचे फिसलने की संभावना है। वर्ष 2024 में यह घटकर 4 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने मंगलवार को यह बात कही है। IMF के रिसर्च डिपार्टमेंट के डिविजन चीफ डेनियल लीघ के ने कहा है कि भारत में महंगाई दर 2022 के 6.8% की तुलना में 2023 में घटकर 5% पर पहुंचने की उम्मीद है। 2024 में इसमें और कमी आएगी और यह 4% पर पहुंच जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा केंद्रीय बैंक की ओर से उठाए गए कदमों से संभव हो सकेगा।

आईएमएफ की ओर से मंगलवार को जारी वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक के अनुसार दुनिया के 84 प्रतिशत देशों में 2022 की तुलना में 2023 में महंगाई दर में गिरावट दर्ज की जाएगी। 2023 में वैश्विक महंगाई दर 2022 के 8.8% से गिरकर 6.6% पर पहुंच सकती है। 2024 में यह 4.3 प्रतिशत पर पहुंच सकती है। धीरे-धीरे ही सही यह काेरोनाकाल के पूर्व (2017-19) के स्तर 3.5% पर भी पहुंच सकती है।