Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 19 Jul 2022 9:00 am IST

नेशनल

यूपी समेत इन राज्यों में तीन दिनों में होगी भारी बारिश, जानिए अपने राज्य का हाल


देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। IMD के मुताबिक, यूपी, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर में गरज के साथ हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम राजस्थान में कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा होगी। दिल्ली और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश की संभावना है।

यूपी में मानसून की बारिश का इंतजार लगभग खत्म होने वाला है। राज्य में 19 से 22 जुलाई के बीच गरज चमक के साथ तेज बारिश होगी। जिसको लेकर डार्क यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 2 दिनों में पूरे यूपी में मानसून सक्रिय होगा, जिससे भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड के सात जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 21 और 22 जुलाई को भी राज्य के पहाड़ी जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 

जबकि अगले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में कुछ जगह भारी वर्षा हो सकती है। मराठवाड़ा, गुजरात क्षेत्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक व तेलंगाना में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। क्योंकि देश में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनके कारण बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर बना दबाव क्षेत्र अब गहरे निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। एक अन्य कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास बना हुआ है।

वहीं, मानसून की द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर बने हुए निम्न दबाव के क्षेत्र से होते हुए ओडिशा के गोपालपुर और फिर पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इससे हवा में नमी बनी रहेगी। और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसी तरह गुजरात तट से महाराष्ट्र तट तक एक अन्य द्रोणिका फैली हुई है।