हरिद्वार :रुड़की में छह वर्षीय बच्ची और उसकी मां के साथ दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश महासचिव डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि रुड़की में एक महिला और उसकी बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना घटी। आरोपियों की पहचान होने के बाद भी गिरफ्तारी न होना कहीं न कहीं सरकार की नाकामी को दर्शाता है। महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है, आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। आज प्रदेश में अपराधियों को भय खत्म हो गया है। अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं। महिला आयोग की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संतोष चौहान और महिला जिलाध्यक्ष बिमला पांडे ने कहा कि अब प्रदेश में अबोध बालिकाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। ग्रामीण कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, नगर ज्वालापुर अध्यक्ष यशवंत सैनी, कनखल ब्लॉक अध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने कहा कि यदि आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं किए गए तो कांग्रेसजन प्रतिदिन प्रदर्शन करेंगे। शासन प्रशासन को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मजबूर करेंगे।